शिमला (रफ़्तार न्यूज़ ब्यूरो) : चीन और भारत के बीच सीमा विवाद पर चल रहे तनाव के बीच में हिमाचल के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर जनजातीय किन्नौर जिला के एक दिवसीय दौरे पर जा रहे हैं। 6 जून को प्रस्तावित दौरे के तहत पवन हंस हेलीकॉप्टर से मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर सुबह 9 बजे रवाना होंगे। जिला के अंतिम छोर पर स्थित समधो में सैन्य क्षेत्र परिसर हेलीपैड पर उतरेंगे। उसके बाद देश की सीमा पर स्थित आर्मी कैंपों में अधिकारियों के साथ मंत्रणा करेंगे।
मौजूदा तनाव की स्थिति के बीच में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के दौरे को महत्वपूर्ण समझा जा रहा है। संभव है कि चीन के साथ सटे राज्यों से केंद्र सरकार ने जानकारी चाही हो। यह दौरा इसलिए भी अहम माना जा रहा है क्योंकि मुख्यमंत्री चीन के साथ बढ़ते सैन्य तनाव के बीच में जनजातीय क्षेत्र में मौजूदा स्थिति का जायजा लेने के लिए दौरे पर जा रहे हैं। सतलुज में डेढ़ दशक पहले आई बाढ़ के दौरान भी चीन ने अधिकारियों की टीम को पारछू जाने की अनुमति नहीं दी थी।
