चंडीगढ़ ।
हरियाणा के परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा ने कहा कि विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की मेहनत की बदौलत आज पूरे भारत में हरियाणा रोडवेज का अपना नाम है और उत्तर भारत की बात की जाए तो यात्री हरियाणा रोडवेज की बस में सफर करना पसंद करते हैं।
परिवहन मंत्री आज सेक्टर-17 स्थित अन्तर्राज्यीय बस अड्डे से मर्सडीज बैंज की 2 वोल्वो बसों को हरी झंडी दिखाने के बाद मीडिया कर्मियों से बात कर रहे थे। उन्होंने कहा कि वोल्वो बसों को हरियाणा में बेहद पसंद किया जाता है।
आज राज्य परिवहन के बेड़े में 18 बसें शामिल की गई हैं जिनमें 12 मर्सडीज बैंज जबकि 6 वोल्वो बसें हैं। आज रवाना की गई बसों में से एक बस चंडीगढ़ से बल्लभगढ़ जबकि दूसरी चंडीगढ़ से दिल्ली रूट पर चलेगी। औद्योगिक नगर होने के चलते फरीदाबाद से आगे बल्लभगढ़ तक वोल्वो चलाई जाएगी।
परिवहन मंत्री ने कहा कि विभाग के कर्मचारी किसी भी प्रकार के दुष्प्रचार से दूर रहें क्योंकि मैं किसी हालत में विभाग और इसके अधिकारियों-कर्मचारियों के हितों पर आंच नहीं आने दूंगा।
परिवहन मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार कर्मचारी यूनियनों के साथ हुई एक बात से भी पीछे नहीं हटेगी। वे बसों की डिमांड बताएं, उतनी ही बसों को बेड़े में शामिल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार ने यूनियनों की आशंका को निर्मूल साबित करते हुए विभाग में लगभग 5200 कर्मचारियों की भर्ती की है। इसी तरह, आज राज्य परिवहन के बेड़े में 18 बसें शामिल की गई हैं जिनमें 12 चण्डीगढ़ से जबकि 6 बसें गुरुग्राम से चलाई जाएंगी। इसके अलावा, जल्द ही 867 साधारण बसें, 20 वोल्वो बसें, 150 मिनी बसें तथा 150 सीएनजी बसें भी बेड़े में शामिल की जाएंगी
इस दौरान चण्डीगढ़ डिपो के महाप्रबंधक श्री अमरेन्द्र सिंह समेत विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।