हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के किसानों की आय वर्ष 2022 तक दोगुनी करने के लक्ष्य को हासिल करने के लिए सभी को एक साथ मिलकर प्राकृतिक खेती की ओर बढऩा होगा। राज्य सरकार ने इस वर्ष अपने बजट में 1 लाख एकड़ भूमि पर प्राकृतिक कृषि का लक्ष्य निर्धारित किया है। मुख्यमंत्री गुरुकुल कुरुक्षेत्र के सभागार में कृषि एवं किसान कल्याण विभाग की तरफ से आयोजित पदमश्री सुभाष पालेकर कृषि कार्यशाला के उदघाटन समारोह में बोल रहे थे।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने वीरवार को गुरुकुल कुरुक्षेत्र के सभागार में कृषि एवं किसान कल्याण विभाग की तरफ से आयोजित पदमश्री सुभाष पालेकर कृषि कार्यशाला के उदघाटन समारोह में बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। मुख्यमंत्री मनोहर लाल, गुजरात के राज्यपाल आचार्य डा. देवव्रत ने दीपशिखा प्रज्ज्वलित कर विधिवत रुप से कार्यशाला का शुभारम्भ किया। इसके उपरांत मुख्यमंत्री मनोहर लाल, राज्यपाल आचार्य डा. देवव्रत व हरियाणा के कृषि मंत्री जेपी दलाल ने हरियाणा कृषि एवं किसान कल्याण विभाग द्वारा करीब 2 करोड़ 11 लाख की लागत से निर्मित प्राकृतिक कृषि प्रशिक्षण केन्द्र का उदघाटन किया।
अपने सम्बोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्राकृतिक खेती का माहौल को तैयार करने के लिए प्रदेश के सभी जिलों से 500-500 किसानों को ट्रैनर के रुप में प्रशिक्षित किया जाएगा ताकि ये किसान अपने-अपने जिलों के छोटे और बड़े किसानों को प्राकृतिक खेती के बारे में जागरुक कर सके। इसके अलावा, जहां सरकार देशी गाय पालकों को प्रोत्साहित करेगी वहीं किसानों की फसलों के लिए 1 हजार एफपीओ भी स्थापित करेगी।