महिलाओं की समस्याओं के समाधान के लिए जननायक जनता पार्टी की वरिष्ठ नेत्री एवं बाढ़डा से विधायक नैना सिंह चौटाला अब हर महीने महिलाओं के साथ बैठक करेगी। इस बैठक में उन्हें मिलने वाली समस्याओं को लेकर वे उनके समाधान की दिशा में उचित कदम उठाएगी। इसी मद्देनजर आज विधायक नैना चौटाला ने जींद स्थित पार्टी जिला कार्यालय में जेजेपी की महिला कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। इस बैठक में हलका, जिला व प्रदेश स्तर की महिलाओं ने शामिल होकर अपनी समस्याओं को विधायक नैना सिंह चौटाला को सुनाई।
इस दौरान महिलाओं को विधायक नैना सिंह चौटाला ने कहा कि वह हर महीने के अंतिम रविवार को महिलाओं की समस्याओं को सुनने के लिए जींद कार्यालय में आकर बैठक लिया करेंगी। इस अवसर पर नैना सिंह चौटाला ने जिले की महिलाओं को 13 मार्च को डॉ. अजय सिंह चौटाला के जन्मदिन पर इसराना में होने वाली रैली का भी निमंत्रण दिया। उन्होंने कहा कि जींद जिले से महिलाओं को पुरूषों की संख्या से भी ज्यादा संख्या में इसराना पहुंचना है।
नैना चौटाला ने कहा कि महिलाओं की कड़ी मेहनत के कारण ही आज प्रदेश सरकार में जजपा की हिस्सेदारी है। प्रदेश में पूर्ण रूप से जजपा की सरकार लाने के लिए महिलाओं को भविष्य में और भी अधिक मेहनत करनी है। महिलाओं की प्रदेश सरकार में होने वाले कार्यों में किसी भी स्तर पर अनदेखी नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश सरकार में उप-मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला की जो हिस्सेदारी है। उसमें किसी भी कार्यकर्ता की अनदेखी नहीं होने दी जाएगी। खासकर महिलाओं की समस्याओं को सुनने और उनका समाधान करवाने के लिए वह सदैव आगे खड़ी मिलेगी। उन्होंने अपने लक्ष्य पर काम करने के लिए महिलाओं को प्रेरित किया।