इनेलो पार्टी के बुरे दिन खत्म होने का नाम ही नहीं ले रहे। हरियाणा विधानसभा के आखिरी दिन जननायक जनता पार्टी को समर्थन करने वाले चार विधायकों ने विधानसभा अध्यक्ष को चिट्ठी लिखकर इनेलो विधायक दल का नेता बदलने की बात कही। चिट्ठी में लिखा है कि इनेलो के नये नेता का चुनाव किया जाये।
आगे चिट्ठी में लिखा है कि सर्वसम्मति से ये फैसला लिया गया है कि नये नेता राजदीप सिंह फौगाट होंगे। वहीं अनूप सिंह धानक को व्हिप बनाया गया। दरअसल जेजेपी को समर्थन करने वाले चार विधायक हैं वहीं इनेलो के पास अब केवल तीन विधायक बचे हैं।
दरअसल इस बात की ओर इशारा तो कई दिन पहले ही दुष्यंत चौटाला ने कर दिया था। इनेलो के पास यानी अभय सिंह के साथ तीन और विधायक थे मतलब कुल मिलाकर चार विधायक इनेलो के थे। वहीं जेजेपी को समर्थन करने वाले भी चार विधायक थे। आज जैसे ही मख्खन लाल सिंगला ने इस्तीफा दिया और बीजेपी में शामिल हुये उसके तुरंत बाद जेजेपी को समर्थन करने वाले विधायकों ने ये चिट्ठी विधानसभा अध्यक्ष को लिख दी।
हालांकि मॉनसून का ये सत्र इस सरकार के कार्यकाल का आखिरी सत्र था। अब देखना होगा कि विधायकों की ओर से लिखे गये इस पत्र पर विधानसभा अध्यक्ष क्या फैसला लेते हैं। वहीं अभय सिंह चौटाला की ओर से भी अभी इस पर जवाब आना बाकि है।