हरियाणा में शुक्रवार से विधानसभा का सत्र शुरू हो रहा है। दोपहर 2 बजे शुरू होने के बाद शाम तक सत्र चलेगा। इसमें कई मुद्दों पर चर्चा होगी और हंगामा भी हो सकता है। विपक्ष कई मुद्दों को लेकर सरकार को घेरने की कोशिश करेगा। सत्र से एक दिन पहले ही विपक्ष की तीन पार्टियों ने सरकार पर गंभीर आरोप लगाये हैं।
कांग्रेस ने नौकरियों में घोटाला होने की बात कही है तो इनेलो ने बीजेपी की ओर से पिछले पांच साल में लिये गये कर्ज को लेकर सवाल उठाये हैं। इनेलो का कहना है कि कर्ज तो इतना ले लिया लेकिन पैसा कहां लगाया है ये सदन में पूछा जायेगा। वहीं जेजेपी ने भी सरकार और मंत्रियों पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाये हैं।
सदन में इस बार कम विधायक नजर आयेंगे क्योंकि काफी विधायक सदस्यता से इस्तीफा दे चुके हैं। इनेलो के कई विधायक इस्तीफा देकर बीजेपी में शामिल हो चुके हैं वहीं कई विधायक जेजेपी का समर्थन कर रहे हैं। हालांकि जिन विधायकों ने इनेलो से इस्तीफा नहीं दिया और दूसरी पार्टी का समर्थन कर रहे हैं उन्हें बैठना तो इनेलो के विधायकों के साथ ही पड़ेगा।
इस बार विपक्ष के नेता अभय सिंह चौटाला नहीं होंगे……
वहीं इस बार मुख्य विपक्षी पार्टी इनेलो नहीं बल्कि कांग्रेस होगी। इस बार अभय सिंह चौटाला विपक्ष के नेता नहीं होंगे। हालांकि कांग्रेस की ओर से अभी तक विपक्ष का नेता नहीं चुना गया है लेकिन किरण चौधरी विपक्ष के नेता पर बैठ सकती है। इस बार पिछली बार की बजाये कम सवाल विधायकों की ओर से आये हैं। इस बार कुल 125 सवाल होंगे।
विपक्ष के आरोपों पर मुख्यमंत्री ने भी बड़े मुखर तरीके से कहा है कि भ्रष्टाचार में जो लिप्त होगा उसे बख्शा नहीं जायेगा चाहे वो खुद मनोहर लाल खट्टर ही क्यों ना हों।सत्ता पक्ष भी पूरी तैयारी के साथ सदन में जवाब देने की कोशिश करेगा। चुनाव से पहले का ये आखिरी सत्र है इसमे कई चेहरे इस बार नजर नहीं आयेंगे।