हरियाणा विधानसभा का मॉनसून सत्र के पहले दिन कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई। विपक्ष की ओर से एसवाईएल, कर्मचारियों,पानी की समस्या और कानून व्यवस्था को लेकर सरकार से सवाल किये गये। पहले दिन सिर्फ कुछ मिनटों के लिये ही कांग्रेस ने वॉकआऊट किया अन्यथा बड़े अच्छे तरीके से सदन की कार्रवाई चली।
सदन में इस बार मुख्य विपक्षी पार्टी के तौर पर कांग्रेस नजर आई। इस बार इनेलो के केवल चार विधायक ही सदन में नजर आये वहीं कांग्रेस में कुलदीप बिश्नोई और उनकी पत्नी रेणुका बिश्नोई को छोड़कर तमाम विधायक मौजूद रहे। सदन में मुख्य रूप से किरण चौधरी, भूपेंद्र सिंह हुड्डा, अभय सिंह चौटाला, करण दलाल और ललित नागर ने कई मुद्दे उठाये।
वहीं सदन में चर्चा के दौरान अभय सिंह चौटाला जब पूर्व मुख्यमंत्री हुड्डा के पास जाकर कुछ समय के लिये बैठे तो वो भी चर्चा का विषय बन गया। उस पर चुटकी लेते हुये मंत्री रामबिलास शर्मा ने अभय सिंह चौटाला से कहा कि आपके अंदर चौधरी देवीलाल का खून है आप कांग्रेस के साथ मत मिल जाना।
विपक्ष के सवालों पर सत्ता पक्ष की ओर से जवाब भी दिये गये और कई मामलों में तो खुद मुख्यमंत्री ने संज्ञान लेते हुये विपक्ष के सवालो के जवाब दिये। अब सोमवार को सदन की कार्रवाई फिर से शुरू होगी। सोमवार को नशे के मुद्दे को लेकर चर्चा की जायेगी।