जननायक जनता पार्टी के नेता दिग्विजय सिंह चौटाला ने सत्ताधारी पार्टी पर निशाना साधा। दिग्विजय ने कहा कि लोकसभा चुनाव में पीएम मोदी के नाम पर जीतकर आज प्रदेश की भाजपा 75 से ज्यादा सीटें जीतकर वापस सत्ता में आने की बात कर रही है लेकिन पिछले साढ़े चार सालों से इन्होंने प्रदेश की क्या हालत बना दी, उसकी उन्हें कोई चिंता नहीं है। उन्होंने कहा कि आज भाजपा सरकार ने हरियाणा को मात्र बेरोजगारी, अपराध, नशाखोरी, महंगाई और घोटालों के मामले में अवल बनाकर छोड़ दिया है।
दिग्विजय चौटाला ने प्रदेश की बिगड़ती हुई कानून व्यवस्था पर चिंता जाहिर करते हुए कहा कि हर दिन दो हत्याएं और तीन बलात्कार की घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने कहा कि आज भाजपा राज में बदमाशों को इतनी खुली छूट मिली हुई है कि वो सीएम सिटी करनाल में एक डॉक्टर और फरीदाबाद में एक कांग्रेस नेता की सरेआम गोली मार कर हत्या कर देते है। दिग्विजय ने कहा कि हर रोज हो रही ऐसी अपराधिक घटनाओं की वजह से प्रदेश के लोग भय भरे माहौल में जीने को मजबूर हैं लेकिन भाजपा सिर्फ 75 प्लस सीटें हासिल करने में लगी हुई है।
हर साल करीब 6 हजार हरियाणवीं सड़क हादसों का हो रहे हैं शिकार – दिग्विजय
वहीं इस दौरान दिग्विजय चौटाला ने कहा कि भाजपा सरकार ने चुनाव के समय वाहवाही लूटने के चक्कर में केएमपी को मौत का हाईवे बना दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार और ठेकेदारों की मिलीभगत से इसमें बड़ा घोटाला हुआ है तभी केएमपी के निर्माण के कुछ समय बाद ही ये जगह-जगह से टूट गया है। उन्होंने कहा कि हर दिन करीब 15 लोगों की मौत सड़क हादसों में हो रही है। उन्होंने बताया कि हर महीने 500 और हर साल लगभग 6 हजार हरियाणवी सड़कों पर जान गंवा रहे हैं।
दिग्विजय चौटाला ने बढ़ रहे नशे पर भी चिंता जाहिर करते हुए कहा कि आज भाजपा सरकार की पनाह से नशे का कारोबार फल-फूल रहा है और जिसकी चपेट में प्रदेश के नौजवान आ रहे है। साथ ही दिग्विजय ने कहा कि नशे के खिलाफ राजनीतिक दल से जुड़े सभी नेता अपना डोप टेस्ट करवाएं ताकि जनता के आगे सबकी असलियत सामने आएं। उन्होंने कहा कि इस मुहिम में सबसे पहले वह खुद डोप टेस्ट करवाएंगे।