कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने लाख कोशिशों के बावजूद भी इस्तीफा वापस नहीं लिया। राहुल गांधी ने लंबी चिट्ठी लिखकर सोशल मीडिया पर पोस्ट की है और कहा है कि अब समय आ गया है कि कांग्रेस के नेता नया अध्यक्ष चुनें। राहुल गांधी ने लिखा कि लोकसभा चुनाव 2019 में पार्टी की हार की जिम्मेदारी उनकी बनती है।
राहुल गांधी ने लिखा कि कांग्रेस पार्टी में सेवा करना उनके लिये सम्मान की बात है। राहुल ने लिखा कि उनके सहयोगियों ने उन्हें नया अध्यक्ष नॉमिनेट करने के लिये सुझाव दिया है लेकिन मैं अकेला ऐसा नहीं कर सकता ये कांग्रेस की वर्किंग कमेटी को चुनाव करना है कि अगला राष्ट्रीय अध्यक्ष कौन होगा।
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष के पद से इस्तीफा देने के बाद एक बात तो तय है कि अब अगला अध्यक्ष गांधी परिवार के बाहर का होगा, क्योंकि राहुल गांधी प्रियंका गांधी के अध्यक्ष बनने के पक्ष में भी नहीं है। खैर देखना होगा कि अगला अध्यक्ष कितनी जल्दी चुना जाता है।
वहीं राहुल के इस्तीफा देने के बाद कांग्रेस के अंदर कई काम रूके हुये हैं। हरियाणा की बात करें तो तीन महीने बाद विधानसभा का चुनाव है और हरियाणा कांग्रेस में गुटबाजी चरम सीमा पर है। राहुल तो कोई हल नहीं निकाल पाये अब देखना होगा कि कांग्रेस का नया अध्यक्ष हरियाणा कांग्रेस का हल निकाल पाता है या नहीं।