मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा है कि भाजपा सरकार की मैरिट के आधार पर सरकारी नौकरियों में भर्ती सहित अन्य योजनाएं दूसरे राज्यों के लिए रोल मॉडल बन चुकी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की सभी नीतियों और कार्यक्रमों की चर्चा दूसरे प्रदेशों में जोरशोर से चल रही है। हरियाणा के राजनैतिक इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ है, जब लोगों को बिना पर्ची व खर्ची के निष्पक्ष तरीके से मैरिट के आधार पर नौकरियां मिल रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकारों में भाई भतीजावाद के आधार पर नौकरियां दी जाती थी, लेकिन भाजपा की पहली ऐसी राज्य सरकार है जिसने प्रदेश की अढ़ाई करोड़ जनता को अपना मानकर पारदर्शी तरीके से नौकरियों में भर्ती की है। सरकार की इन नीतियों का प्रदेश की जनता में एक अच्छा संदेश गया है और यही वजह है कि जनता ने लोकसभा चुनाव में सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों पर अपनी मोहर लगाने का काम किया है।
मनोहर लाल ने कहा कि पार्टी संगठन के तेजी से बढऩे के साथ ही कार्यकर्ताओं का दायित्व भी बढ़ गया है। राष्ट्रीय संगठन से लेकर पार्टी संगठन जमीनी स्तर पर पन्ना प्रमुख तक पहुंच गया है। उन्होंने कहा कि बाहर से आने वाले लोगों को पार्टी में शामिल करें और धीरे-धीरे उनमें पार्टी की विचारधारा का संचार करने का काम करें, लेकिन इस बात का विशेष ध्यान रखें कि अपराधिक प्रवृति के लोग पार्टी में दाखिल न हो पायें।