इनेलो के दो और मौजूदा विधायकों के साथ जेजेपी रोहतक जिला अध्यक्ष ने भी चंडीगढ स्थित भाजपा कार्यालय में भाजपा का दामन थाम लिया है। जुलाना से विधायक प्रमेन्द्र ढुल, नूंह से विधायक जाकिर हुसैन और रोहतक से जेजेपी के जिला अध्यक्ष जिले के 71 पदाधिकारियों के साथ मुख्यमंत्री मनोहर लाल, भाजपा अध्यक्ष सुभाष बराला, सहकारीता मंत्री मनीष ग्रोवर और सीएम के मीडिया सलाहकार राजीव जैन की मौजूदगी में बीजेपी में शामिल हुए।
नलवा से विधायक रणबीर गंगवा, फतेहाबाद से बलवान सिंह दौलतपुरिया, हथीन से विधायक केहर सिंह रावत पहले ही भाजपा में आस्था जता चुके है।
भाजपा को लगातार मिल रही हैं बड़ी सफलताएं – मनोहर लाल
इस दौरान मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि दो वर्तमान विधायक, पूर्व जिला परिषद चेयरमैन समेत वरिष्ठ लोग भाजपा में शामिल हो रहे हैं। सभी को कार्यकर्ता के नाते भरपूर मान-सम्मान दिया जाएगा। पूरे प्रदेश में इन नेताओं के शामिल होने से भाजपा को मजबूती मिलेगी।भाजपा परिवार निरन्तर बढ़ रहा है, इनेलो के दोनों विधायक, जेजेपी रोहतक जिलाध्यक्ष धर्मपाल मकड़ौली एवं उनके कार्यकर्ताओं का स्वागत है। उन्होंने कहा कि 2014 के बाद केंद्र, प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी, लगातार एक के बाद एक बड़ी सफलताएं भाजपा ने हासिल की है।
सीएम ने कहा कि गुरुग्राम, फरीदाबाद निगम, 5 निगम चुनावों, जींद उपचुनाव और 10 की 10 लोकसभा सीटें बड़े अंतर से जीती। देश मे 6 लाख से अधिक मत के अंतर से जीतने वाली 4 सीटों में हरियाणा की 2 लोकसभा सीटें है। केंद्र व प्रदेश सरकार की उपलब्धियां, पार्टी की कार्य प्रणाली का प्रभाव देखने को मिला है। वर्तमान विधानसभा के 5 विधायक भाजपा में शामिल हुए है। भाजपा ने विधानसभा चुनाव के लिए 75 प्लस का लक्ष्य रखा है। पार्टी में आने के लिए बहुत से और नेता तैयार हैं।
भाजपा की नीतियों की वजह से बढ़ रहा है कुनबा – बराला
प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला ने हथीन से इनेलो के विधायक जाकिर हुसैन, जुलाना से विधायक परमेंद्र ढुल और जेजेपी जिला रोहतक के अध्यक्ष एवं पूर्व जिला परिषद् धर्मपाल मकड़ौली सहित उनके साथियों का पार्टी में स्वागत करते हुए कहा कि अन्य दलों के नेता भाजपा में शामिल हो रहे है। बराला ने कहा कि इनेलो और जेजेपी से भाजपा में शामिल हुए विधायकों, नेताओं और कार्यकर्ताओं को भाजपा में पुरा मानसम्मान मिलेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की कार्यप्रणाली और नितियों के कारण लगातार भाजपा का कुनबा बढ रहा है।