जननायक जनता पार्टी ने अपनी राष्ट्रीय कार्यकारिणी में बदलाव करते हुए 6 वरिष्ठ पदाधिकारी और 11 सदस्यों को शामिल किया है। साथ ही कई पदेन सदस्यों की भी सूचि जारी की है। पार्टी ने दो प्रकोष्ठों में नए प्रदेश अध्यक्ष भी बनाए हैं।
पार्टी के प्रधान महासचिव डॉ केसी बांगड़ ने बताया कि उत्तरप्रदेश के वरिष्ठ लोकदली नेता चौधरी महेंद्र सिंह को पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में उपाध्यक्ष बनाया गया है। वे चौधरी देवीलाल के संघर्ष के साथी रहे और लम्बे समय से किसान राजनीति में सक्रिय हैं। साथ ही पूर्व मंत्री चौधरी हर्ष कुमार, वरिष्ठ नेता पूर्ण सिंह डाबड़ा और महमूद खान को राष्ट्रीय कार्यकारिणी में महासचिव बनाया गया है। महमूद खान ने हाल ही में जेजेपी की टिकट पर गुड़गांव से लोकसभा का चुनाव लड़ा था। इनके साथ ही विजय प्रकाश और उमेद कश्यप को सचिव पद दिया गया है। चौधरी हर्ष कुमार 1996 में चौधरी बंसीलाल सरकार में सिंचाई मंत्री रहे थे। पूर्ण सिंह डाबड़ा साल 2000 में इनेलो की टिकट पर विधायक बने थे।
राष्ट्रीय कार्यकारिणी में बनाये गये 11 नये सदस्य….
जेजेपी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में 11 नए सदस्य बनाए गए हैं जिनमें शशिबाला तेवतिया, बचन सिंह माजरी, गुरविंदर सिंह तेजली, पूर्व चेयरमैन मायाराम रोड, रामचंद्र कोटिया, पूर्व वाइस चांसलर अभय सिंह मौर्य, कुलजीत कुल्हड़िया, कांशीराम रावत, राजकुमार सैणी, धर्मबीर सिहाग और पूर्व चेयरमैन दयानंद कुंडू शामिल हैं। इनके अलावा जननायक सेवादल के दो पदाधिकारी और छात्र संगठन इनसो के एक पदाधिकारी को राष्ट्रीय कार्यकारिणी में पदेन सदस्य रखा जाएगा। पार्टी के सभी प्रदेश अध्यक्ष और महासचिव भी कार्यकारिणी के पदेन सदस्य होंगे और बैठकों में हिस्सा लेंगे।
राष्ट्रीय कार्यकारिणी में विस्तार के साथ ही जेजेपी ने अपने दो प्रकोष्ठों में नए प्रदेश अध्यक्ष भी नियुक्त किए हैं। जेजेपी पंचायती राज प्रकोष्ठ का प्रदेश अध्यक्ष वरिष्ठ नेता राजेंद्र लितानी को बनाया गया है जबकि आध्यात्मिक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी अनिल दहिया को दी गई है।