मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा है कि प्रदेश सरकार ने अब लोगों को सुरक्षा, स्वास्थ्य और शिक्षा की बुनियादी सुविधाएं देने के लिए लक्ष्य निर्धारित किया है। इस लक्ष्य को भविष्य में पूरा किया जाएगा। प्रदेश में लोगों के स्वास्थ्य में सुधार लाने के लिए जहां मशीनरी व्यवस्था में व्यापक सुधार होगा, वहीं डाक्टरों की कमी को पूरा करने के लिए राज्य सरकार काम करेगी। इसके लिए राज्य सरकार ने हर जिला में मेडिकल कॉलेज स्थापित करने का निर्णय लिया है, उसी कड़ी में फतेहाबाद जिला में भी इसकी व्यवस्था की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने शहीदों के सरताज मानवता के सेवक पांचवे गुरू श्री गुरूअर्जुन देव जी के शहीदी दिवस पर उनको नमन किया। उन्होंने लोकसभा चुनाव में भाजपा को देश और प्रदेश में मिली ऐतिहासिक जीत का पूरा श्रेय कार्यकर्ताओं को दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा को जनता ने बहुमत देकर नया रिकॉर्ड बनाया है। पहली बार भारतीय जनता पार्टी को प्रदेश की सभी 10 सीटों पर जीत मिली है। उन्होंने कहा कि साढ़े 4 साल के कार्यकाल में हरियाणा में अनेक चुनाव हुए है। चाहे फरीदाबाद व गुरूग्राम के नगर निगम चुनाव हो या उसके बाद पंचायत और जिला परिषद के चुनाव रहे हैं या फिर पांच नगर निगम के मेयर के लिए सीधे चुनाव हो और जींद का उप चुनाव हुआ, उन सभी में भाजपा का ग्राफ तेजी से बढ़ा है।
बिजली, नई सड़कें और स्वच्छ पानी उपलब्ध करवाना मुख्य एजेंडा – मुख्यमंत्री
मनोहर लाल ने कहा कि प्रदेश सरकार ने अगले 5 साल के लिए जनता की सुरक्षा, स्वास्थ्य और शिक्षा के एजेंडे पर कार्य करना शुरू कर दिया है। उन्होंने कहा कि पहले सरकार ने एफसीआर यानि फूड, क्लोथ और रेजिडेंस पर काम किया। इसके बाद सरकार ने बीएसपी यानि बिजली, सडक़ और पानी हर व्यक्ति को मुहैया हो, इस पर अपना लगभग लक्ष्य पूरा कर लिया है। 2022 तक हर परिवार को छत देने का वादा भी पूरा हो जाएगा। अब 24 घंटे बिजली, नई सडक़ें और स्वच्छ पानी जनता को उपलब्ध करवाना मुख्य एजेंडा है। प्रदेश का कोई गांव ऐसा नहीं रहा जहां 15 घंटे से कम बिजली आती हो। प्रदेश के 3600 गांवों को तो 24 घंटे बिजली मिल रही है। उन्होंने कहा कि बिना रिश्वत व सिफारिश युवाओं को रोजगार उपलब्ध करवाए गए हैं।