हरियाणा में आज लोकसभा चुनाव के लिये मतदान हो रहा है। मतदान के दिन जन नायक जनता पार्टी ने ईवीएम पर चुनाव निशान को लेकर सवाल उठाये हैं। पार्टी के नेता और सोनीपत लोकसभा से उम्मीदवार दिग्विजय सिंह चौटाला ने मीडिया से बातचीत में कहा कि उन्हें कई जगह से खबर मिली है कि उनको मिला चुनाव निशान ईवीएम पर साफ नजर नहीं आ रहा है।
दिग्विजय चौटाला ने कहा कि जो निशान मिला था और जो ईवीएम पर दिख रहा है उसमें फर्क है। दिग्विजय के मुताबिक उनको मिले चप्पल के निशान की आऊटलाईन साफ नजर आ रही है लेकिन ईवीएम पर जो निशान है उसमें आऊटलाईन नहीं है और वो चप्पल का निशान लग ही नहीं रहा है।
जन नायक जनता पार्टी के नेता दिग्विजय का कहना है कि वो सब जगह से इस बाबत सूचना मंगवा रहे हैं और उसके बाद चुनाव आयोग को इस बारे में शिकायत की जायेगी। दिग्विजय ने कहा कि ये कोई छोटा मामला नहीं है। इसमें किसी साजिश के तहत ऐसा किया हो सकता है। दिग्विजय के साथ कुछ वोटर भी थे जो मतदान करने के लिये आये थे उन्होनें भी चुनाव निशान साफ नजर ना आने की बात कही।
हरियाणा में आज सभी 10 सीटों पर चुनाव हो रहा है और सभी पार्टियों ने पूरा जोर लगा रखा है। कई सीटों पर कड़ा मुकाबला है। वहीं हरियाणा में कई बड़ी हस्तियों ने वोट डालकर लोकतंत्र के महापर्व में हिस्सा लिया।