हरियाणा में प्रचार थम गया है। प्रचार के आखिरी दिन चुनाव लड़ रही सभी पार्टियों ने रैली के माध्यम से ताकत दिखाई है। प्रदेश में सत्ताधारी पार्टी बीजेपी की ओर से रोहतक में रैली की गई जिसमें देश के पीएम नरेंद्र मोदी पहुंचे। वहीं कांग्रेस के सोनीपत से उम्मीदवार भूपेंद्र हुड्डा और रोहतक से उम्मीदवार दीपेंद्र हुड्डा की ओर से गोहाना में रैली की गई। जन नायक जनता पार्टी की ओर से जींद में रैली की गई तो इनेलो की ओर से कुरूक्षेत्र में रैली के जरिये ताकत दिखाई गई।
रोहतक में पीएम मोदी ने बीेजपी उम्मीदवारों के लिये मांगे वोट…..
दरअसल हरियाणा में 12 मई को चुनाव है और उससे पहले आज प्रचार थम गया है। प्रचार थमने से पहले सभी ने ताकत दिखाई है। रोहतक में पीएंम मोदी ने रोहतक में बीजेपी के कई उम्मीदवारों के समर्थन में रैली की। पीएम मोदी के निशाने पर कांग्रेस ज्यादा रही। दरअसल रोहतक में मुख्य मुकाबला बीजेपी और कांग्रेस के बीच नजर आ रहा है तो पीएम ने पूर्व मुख्यमंत्री हुड्डा पर भी जमकर निशाना साधा।
गोहाना में भूपेंद्र सिंह हुड्डा और दीपेंद्र की हुई संयुक्त रैली…..
वहीं गोहाना में पूर्व मुख्यमंत्री और रोहतक से सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने रैली कर अपनी ताकत दिखाई। दोनों बाप बेटे लोकसभा का चुनाव लड़ रहे हैं। रैली में कांग्रेस के नेता आनंद शर्मा ने भी रैली को संबोधित किया। इस रैली में हुड्डा के निशाने पर बीजेपी और जेजेपी रही। इस रैली में कांग्रेस के कई विधायक मौजूद रहे।
जींद में दुष्यंत और दिग्विजय ने दिखाई ताकत…..
उधर जींद में जन नायक जनता पार्टी ने अपनी ताकत दिखाई। जिस मैदान से नई पार्टी बनाने का एलान किया गया था उसी मैदान से सोनीपत से उम्मीदवार दिग्विजय चौटाला के समर्थन में रैली हुई। इस रैली में दिग्विजय और दुष्यंत चौटाला ने बीजेपी और कांग्रेस पर जमकर भड़ास निकाली। दरअसल जींद के कुछ हलके सोनीपत में तो कुछ हिसार लोकसभा में भी आते हैं इसलिये दुष्यंत और दिग्विजय दोनों के लिये यहां से वोट की अपील की गई।
कुरूक्षेत्र में अर्जुन के लिये सजी रणभूमि…..
इनेलो की ओर से कुरूक्षेत्र में रैली की गई। यहां से अभय सिंह चौटाला के छोटे बेटे अर्जुन चौटाला मैदान में हैं। पार्टी ने यहां पर्चार के आखिरी दिन ताकत दिखाई। हालांकि एक दिन पहले ही कुरूक्षेत्र लोकसभा के अंतर्गत आने वाले कैथल में भी इनेलो की ओर से रैली का आयोजन किया गया था। इस रैली में अभय सिंह चौटाला के निशाने पर कांग्रेस, बीजेपी और जेजेपी रही।
हरियाणा में 12 मई को सुबह 7 बजे से लेकर शाम 6 बजे तक मतदान होगा। कई सीटों पर मुकाबला बहुत कड़ा है। पिछले चुनाव में यानी 2014 में 10 सीटों में से 7 सीट बीजेपी के खाते में , 2 सीट इनेलो के खाते में और 1 सीट कांग्रेस को मिली थी। देखना होगा कि इस बार हरियाणा के लोग किस पार्टी को जीताकर भेजते हैं।