प्रदेश की 10 सीटों पर 240 उम्मीदवार लड़ेंगे चुनाव……
लोकसभा आम चुनाव 2019 के लिए हरियाणा की 10 लोकसभा सीटों से 63 उम्मीदवारों के नामांकन रद्द किये गए हैं। इसके अलावा अब तक 3 उम्मीदवार ने अपना नामांकन वापिस लिया है। नामांकन पत्रों की छंटनी के उपरांत लोकसभा चुनाव में 240 उम्मीदवार रह गए हैं।
हरियाणा के संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. इन्द्र जीत ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि नामांकन प्रक्रिया के अंतिम दिन तक कुल 303 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किये थे। 24 अप्रैल को नामांकन पत्रों की छंटनी के दौरान कमियां पाये जाने के बाद 63 उम्मीदवारों के नामांकन रद्द किये गए।
उन्होंने बताया कि अंबाला और कुरुक्षेत्र लोकसभा क्षेत्र से 5-5, सोनीपत, भिवानी-महेंद्रगढ़ एवं गुडग़ांव लोकसभा क्षेत्र से 7-7 उम्मीदवारों के नामांकन रद्द किये गए। इसके अलावा सिरसा जिले से एक, हिसार से 18, करनाल से 10 और फरीदाबाद से 3 उम्मीदवारों के नामांकन रद्द किये गए। उन्होंने बताया कि लोकसभा क्षेत्र रोहतक से एक उम्मीदवार ने और गुडग़ांव से 2 उम्मीदवारों ने अपने नामांकन वापिस लिये हैं।
डॉ. इन्द्र जीत ने बताया कि अंबाला लोकसभा क्षेत्र से 18, कुरुक्षेत्र से 25, सिरसा से 21, हिसार से 28, करनाल से 21, सोनीपत से 29, रोहतक से 22, भिवानी-महेंद्रगढ़ से 22, गुडग़ांव से 27 और फरीदाबाद से 27 उम्मीदवार रह गए हैं।
हरियाणा में 12 मई को चुनाव है। प्रदेश में 17949639 मतदाता हैं। हरियाणा में 10288 पोलिंग लोकेशनों पर 19425 पोलिंग स्टेशन बनाए गए हैं। प्रदेश में कुल 90 सखी मतदान केंद्र भी बनाए गए हैं और 90 आदर्श मतदान केंद्र बनाए गए हैं। चुनाव के लिए 23080 कंट्रोल युनिट, 44475 बैलेट युनिट और 24682 वीवीपैट मशीनों का इस्तेमाल किया जाएगा।