लोकसभा चुनाव के दौरान पंजाब में आम आदमी पार्टी को बड़ा झटका लगा है। पार्टी के मानसा से मौजूदा विधायक नाजर सिंह मानशाहिया ने आम आदमी पार्टी को छोड़ कांग्रेस का दामन थाम लिया है। नाजर सिंह मानशाहिया ने मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेंद्र सिंह की मौजूदगी में कांग्रेस ज्वाइन की।
दरअसल पिछले कुछ समय से आम आदमी पार्टी को झटके पर झटके लग रहे हैं। इससे पहले पार्टी के कई मौजूदा विधायक पार्टी छोड़कर जा चुके हैं। कुछ समय पहले ही पार्टी की लीडरशिप पर सवाल उठाते हुये सुखपाल खैहरा ने पार्टी छोड़ नई पार्टी बना ली थी जिसके साथ पार्टी के विधायक चले गये थे।
पंजाब में आम आदमी पार्टी में नेतृत्व तो लेकर कई बार सवाल उठे हैं। सुखपाल खैहरा को प्रदेश अध्यक्ष के पद से हटाने के बाद पार्टी दोफाड़ होती हुई नजर आई। वहीं अब लोकसभा के चुनाव में विधायक के पार्टी छोड़ कर जाने से पार्टी को बठिंडा सीट पर बड़ा झटका माना जा रहा है। दरअसल मानसा विधानसभा बठिंडा लोकसभा के अंतर्गत आता है।