2014 के लोकसभा चुनाव में भिवानी – महेंद्रगढ़ सीट से दूसरे नंबर पर रहे इनेलो नेता राव बहादुर सिंह कांग्रेस में शामिल हो गये हैं। राव बहादुर सिंह पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा की मोजूदगी में कांग्रेस मे शामिल हुये। राव बहादुर सिंह का इनेलो छोड़ कर कांग्रेस में शामिल होना इनेलो के लिये बड़ा झटका माना जा रहा है।
राव बहादुर सिंह नांगर चौधरी से इनेलो के विधायक भी रहे हैं वहीं पिछला लोकसभा चुनाव उन्होनें भिवानी-महेंद्रगढ़ सीट से लड़ा था। मोदी लहर में राव बहादुर सिंह यहां से दूसरे नंबर पर रहे थे। वहीं कांग्रेस यहां तीसरे नंबर पर चली गई थी। अब लोकसभा चुनाव से ठीक पहले राव बहादुर सिंह के कांग्रेस में शामिल होने से कांग्रेस को इस चुनाव में फायदा मिल सकता है।
दरअसल इनेलो ने इस बार भिवानी – महेंद्रगढ़ से राव बहादुर सिंह की बजाए बलवान सिंह यादव को टिकट दिया था। हालांकि उससे पहले लग रहा था कि इनेलो राव बहादुर सिंह पर ही दाव लगा सकती है। टिकट ना मिलने के कुछ दिन बाद ही राव बहादुर सिंह ने इनेलो छोड़ कांग्रेस का दामन थाम लिया है।