लोकसभा चुनाव के बीच कांग्रेस के एक बड़ा झटका लगा है। एक अच्छी प्रवक्ता ने कांग्रेस को अलविदा कह शिव सेेना का ज्वाइन किया है। हम बात कर रहे हैं प्रियंका चतुर्वेदी की। प्रियंका चतुर्वेदी ने पार्टी में उनके साथ हुए दुर्व्यवहार को लेकर वीरवार को ही कांग्रेस को इस्तीफा दे दिया था। वहीं अगले ही दिन प्रियंका ने मुंबई में शिव सेना का दामन थाम लिया।
प्रियंका चतुर्वेदी ने राहुल गांधी को इस्तीफा दिया और लिखा कि पार्टी में जिन लोगों ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया उन्हें पार्टी में फिर से जगह दी जा रही है। दरअसल जिन लोगों पर प्रियंका ने आरोप लगाया था उन लोगों को यूपी कांग्रेस ने बहाल कर दिया जिसको लेकर प्रियंका दुखी थी और पार्टी छोड़ दी।
यूपी कांग्रेस की ओर से जारी किया गया वो पत्र जिसमें प्रियंका की ओर से आरोप लगे नेता को बहाल किया गया।
अपने साथ हुए दुर्व्यवहार के आरोपी नेता की बहाली को लेकर दुखी थी प्रियंका चतुर्वेदी…
मामला ये है कि पिछले साल राफेल के मुद्दे को लेकर कांग्रेस के कई बड़े नेता हर राज्य में जाकर प्रेस कांफ्रेंस कर रहे थे। इसी को लेकर प्रियंका चतुर्वेदी यूपी के मथुरा में प्रेस कांफ्रेंस के लिये गई थी जहां प्रियंका के मुताबिक पार्टी के नेता ने उनके साथ बदसलूकी की थी। जिसकी शिकायत प्रियंका ने की थी।
दरअसल प्रियंका कि शिकायत पर यूपी कांग्रेस की ओर से उस नेता पर एक्शन लिया गया था। अब चुनाव के समय उस नेता को बहाल कर दिया गया जिससे प्रियंका दुखी थी। प्रियंका ने ट्वीट कर लिखा था, ‘जो लोग मेहनत कर अपनी जगह बना रहे हैं, उनके बदले ऐसे लोगों को तवज्जो मिल रही है। पार्टी के लिए मैंने गालियां और पत्थर खाए हैं, लेकिन उसके बावजूद पार्टी में रहने वाले नेताओं ने ही मुझे धमकियां दीं। जो लोग धमकियां दे रहे थे, वह बच गए हैं। इनका बिना किसी कड़ी कार्रवाई के बच जाना काफी दुर्भाग्यपूर्ण है।’
करीब दस साल पहले कांग्रेस से जुड़ी थी प्रियंका चतुर्वेदी…..
प्रियंका चतुर्वेदी दस साल पहले यूथ कांग्रेस में मेंबर के तौर पर जुड़ी थी। पिछले कुछ समय से प्रियंका बड़े मुद्दों पर कांग्रेस की ओर से बड़े प्रभावी तरीके से पार्टी का पक्ष रखती आ रही थी। कुछ दिन पहले ही प्रियंका ने स्मृति ईरानी की शिक्षा को लेकर एक गाने के माध्यम से कॉमेंट किया था जो काफी वायरल भी हुआ था।
शिव सेना में क्यों शामिल हुई प्रियंका चतुर्वेदी …..
प्रियंका ने कांग्रेस छोड़ने के अगले ही दिन शिव सेना का दामन थाम लिया। शिव सेना प्रमुख उद्दव ठाकरे की मौजूदगी में प्रियंका ने शिव सेना ज्वाइन की। प्रियंका ने कहा कि वो मथुरा से आकर मुंबई में बसे थे और कहीं ना कहीं शिव सेना से उनका जुड़ाव रहा है इसलिये अब वो शिव सेना में रहकर कुछ करना चाहती हैं।
वहीं इस मौके पर उद्दव ठाकरे ने कहा कि प्रियंका चतुर्वेदी को ना सिर्फ मुंबई में बल्कि देश में कहीं भी पार्टी को जरूरत पड़ेगी वहीं भेजा जा सकता है। देखना होगा कि बीजेपी को हर ट्वीट में कोसने वाली प्रियंका चतुर्वेदी क्या बीजेपी की सहयोगी पार्टी में जाकर कोसेगी या फिर गुणगान करती नजर आयेंगी।