इनेलो प्रदेशाध्यक्ष अशोक अरोड़ा ने इनेलो सुप्रीमा चौधरी ओमप्रकाश चौटाला, अभय सिंह चौटाला एवं अन्य वरिष्ठ नेताओं से विचारविमर्श कर आज कुरुक्षेत्र में पे्रसवार्ता के दौरान कुरुक्षेत्र, भिवानी-महेंद्रगढ़ और रोहतक के लिए भी इनेलो के लोकसभा उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। कुरुक्षेत्र से पार्टी ने अभय सिंह चौटाला के पुत्र अर्जुन चौटाला को उम्मीदवार बनाया है और वहीं भिवानी-महेंद्रगढ़ से बलवान सिंह फौजी और रोहतक से धर्मबीर फौजी के नाम की घोषणा की है।
अरोड़ा ने बताया कि अर्जुन चौटाला खेती और बागवानी में विशेष रूचि रखते हुए इनेलो के छात्र संगठन ‘आईएसओ’ के राष्ट्रीय प्रभारी भी हैं। उन्होंने नए सिरे से छात्र संगठन को खड़ा कर उसमें नई ऊर्जा और स्फूर्ति पैदा की है।
वहीं रोहतक के उम्मीदवार धर्मबीर फौजी इनेलो की राज्य कार्यकारिणी के सदस्य हैं व पेशे से किसान हैं और पिछले तीस साल से इनेलो पार्टी के सदस्य हैं।
भिवानी-महेंद्रगढ़ के लोकसभा उम्मीदवार बलवान सिंह फौजी जो पूर्व सैनिक होने के पश्चात अब अपनी सिक्योरिटी एजेंसी का संचालन करते हैं। इन नामों के घोषणा के उपरांत अब इनेलो द्वारा केवल गुरुग्राम लोकसभा क्षेत्र के उम्मीदवार का नाम घोषित करना बाकी रह गया है। गुरूग्राम पर भी शनिवार को उम्मीदवार की घोषणा हो सकती है।