लोकसभा चुनाव को लेकर हरियाणा में नामांकन की प्रक्रिया चल रही है। तीन दिन बीत चुके हैं। हरियाणा में आम आदमी पार्टी और जननायक जनता पार्टी मिल कर चुनाव लड़ रहे हैं। जननायक जनता पार्टी 7 सीटों पर तो आम आदमी पार्टी 3 सीट पर चुनाव लड़ेगी। जेजेपी ने 4 उम्मीदवारों का एलान भी कर दिया है।
आम आदमी पार्टी दिल्ली , हरियाणा , चंडीगढ़ और गोवा की सीट पर कांग्रेस के साथ गठबंधन करना चाहती है। वहीं कांग्रेस बार बार हरियाणा, चंडीगढ़ और गोवा के लिये मना कर रही है। आम आदमी पार्टी ने आखिरी बार फिर से कांग्रेस से गठबंधन को लेकर बोला है। दिल्ली के इंचार्ज गोपाल राय ने कहा कि एक आखिरी चांस और कांग्रेस के लिये।
गोपाल राय ने कहा कि हमारे उम्मीदवारों का नामांकन फिलहाल हमने टाल दिया है, इसलिये कांग्रेस फिर एक बार सोचे। गोपाल राय तो अभी भी दिल्ली , हरियाणा, चंडीगढ़ और गोवा की कुल 18 सीटों पर गठबंधन के लिये कांग्रेस को कह रहे हैं।
वहीं हरियाणा में आम आदमी पार्टी का जेजेपी से गठबंधन है। जेजेपी ने साफ मना कर रखा है कि वो कांग्रेस के साथ कभी भी गठबंधन नहीं करेंगे। अब देखना होगा कि कांग्रेस आम आदमी पार्टी की ओर से दिये गये आखिरी मौके पर क्या कहती है। हालांकि कांग्रेस केवल दिल्ली पर राजी हो सकती है।