जननायक जनता पार्टी ने हरियाणा में चार लोकसभा सीटों पर उम्मीदवार घोषित कर दिये हैं। दुष्यंत चौटाला खुद हिसार सीट से चुनाव लड़ेंगे। वहीं सिरसा एससी रिजर्व सीट से निर्मल सिंह मलड़ी को टिकट दिया गया है। रोहतक से इनसो के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप देसवाल को चुनावी मैदान में उतारा गया है। वहीं भिवानी – महेंद्रगढ़ से युवा नेता स्वाति यादव को टिकट दिया गया है।
जननायक जनता पार्टी की ओर से तीन सीटों कुरुक्षेत्र , सोनीपत और गुरूग्राम की सीटों पर उम्मीदवार उतारे जाने बाकी हैं। इन सीटों पर मंथन इसलिये चल रहा है क्योंकि दूसरी पार्टियों की ओर से भी इन सीटों पर उम्मीदवार उतारे जाने बाकी हैं।
वहीं आम आदमी पार्टी के खाते में अंबाला , करनाल और फरीदाबाद की सीट आई हैं। आम आदमी पार्टी इन तीन सीटों पर शुक्रवार या शनिवार तक उम्मीदवारों के नाम फाईनल करेगी। हालांकि चर्चा है कि करनाल से पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नवीन जयहिंद चुनाव लड़ सकते हैं।
हिसार से दुष्यंत चौटाला के चुनाव लड़ने से यहां मुकाबला तिकोना होगा। यहां बीजेपी की ओर से चौधरी बिरेंद्र सिंह के बेटे बृजेंद्र सिंह वहीं कांग्रेस की ओर से कुलदीप बिश्नोई या उनके बेटे भव्य बिश्नोई मैदान में होंगे। इनेलो ने यहां सुरेश कोथ को मैदान में उतारा है।