पंजाब में संगरूर लोकसभा सीट अब हॉट सीट बन गई है। शिरोमणि अकाली दल ने परमिंदर सिंह ढींढसा को संगरूर से चुनावी मैदान में उतार दिया है। आम आदमी के नेता भगवंत मान यहां से चुनाव लड़ रहे हैं। भगवंत मान ने पिछली बार यहां से जीत दर्ज की थी। वहीं परमिंदर सिंह ढींढसा के यहां से चुनाव लड़ने से यहां मुकाबला रोचक हो सकता है।
दरअसल परमिंदर सिंह ढींढसा के चुनाव लड़ने पर सस्पेंस बना हुआ था। परमिंदर सिंह ढींढसा के पिता और पूर्व केंद्रीय मंत्री सुखदेव सिंह ढींढसा नहीं चाहते थे कि परमींदर यहां से चुनाव लड़े। सुखदेव सिंह ने पहले ही एलान कर दिया था कि अगर परमिंदर संगरूर से चुनाव लड़ता है तो वो उनके लिये प्रचार नहीं करेंगे।
सुखदेव सिहं ढींढसा संगरूर से सांसद रह चुके हैं। सुखदेव सिंह ढींढसा कुछ समय पहले ही राजनीति से किनारा कर चुके हैं। सुखदेव सिंह ने बेअदबी मामलों में अकाली दल का नाम आने से नाराज होकर पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा दे दिया था। सुखदेव ने खुद चुनाव लड़ने से मना कर दिया था और परमिंदर को चुनाव ना लड़ने की सलाह दी थी।
संगरूर से कौन कौन हैं चुनावी मैदान में……..
संगरूर सीट की बात करें तो यहां भगवंत मान के मुकाबले शिरोमणि अकाली दल से परमिंदर ढींढसा, पंजाब डेमोक्रेडिक अलायंस से पूर्व आप नेता और गायक जस्सी जसराज चुनाव लड़ रहे हैं। हालांकि कांग्रेस की ओर से अभी तक यहां से उम्मीदवार घोषित नहीं किया गया है। वहीं केवल सिंह ढिल्लों का नाम सबसे उपर है कि वो कांग्रेस से चुनाव लड़ सकते हैं।
आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार भगवंत मान यहां से मजबूत उम्मीदवार हैं। भगवंत मान पंजाब ‘आप’ के प्रधान भी हैं। ऐसे में पूरी पार्टी उनके साथ यहां डटी हुई है। भगवंत कहते हैं कि सभी पार्टियों ने उन्हें हराने के लिये यहां पूरा जोर लगा रखा है। भगवंत तो यहां तक कहते हैं कि पार्टी के अदरूनी सर्वे में पार्टी को पंजाब से 5 सीटें मिल रही हैं जिनमें संगरूर भी शामिल है।