देश में लोकसभा चुनाव है और नेताओं के पसीने आ रहे हैं। खासकर बड़े नेताओं के लिये एक एक मिनट कीमती है। नेताओं की दौड़ धूप जारी है। हर रोज नये नये एलान हो रहे हैं। वोटरों को रिझाने के लिये नेता लोग एड़ी चोटी का जोर लगा रहे हैं। वोटरों के दिल में कैसे जगह बनाई जाये इसके लिये अलग अलग फंडे किये जा रहे हैं।
नेताओं की इसी दोड़ धूप के बीच कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी ने इशारा किया है कि वो वाराणसी से पीएम मोदी के खिलाफ चुनाव लड़ सकती हैं। दरअसल प्रियंका गांधी से रायबरेली में पार्टी कार्यकर्ता ने चुनाव लड़ने की मांग की तो उन्होंने पलटकर कार्यकर्ताओं से ही पूछ लिया कि वाराणसी से चुनाव लड़ूं क्या। इस बात के राजनीतिक मायने निकाले जाएं तो साफ है कि इस बार वाराणसी के सियासी संग्राम में मोदी बनाम प्रियंका के बीच चुनावी जंग हो सकती है।
प्रियंका गांधी अपने भाई और मां के लोकसभा क्षेत्र में…..
दरअसल प्रियंका इन दिनों उत्तर प्रदेश दौरे पर हैं। प्रियंका अपने भाई राहुल गांधी के चुनाव क्षेत्र अमेठी और अपनी मां सोनिया गांधी के क्षेत्र रायबरेली में पिछले दो दिन से कांग्रेस कार्यकर्ताओं से मिल रही थी। इसी दौरान कांग्रेस के उत्साहित कार्यकर्ताओं ने प्रियंका गांधी से कहा आप चुनाव लड़िए। इससे पूरे पूर्वांचल में पार्टी के हक में जबरदस्त हवा बनेगी। इतना सुनते ही प्रियंका गांधी ने हल्के-फुल्के अंदाज से कहा कि वाराणसी से लड़ जाऊं क्या।
प्रियंका के चुनाव लड़ने की बात कहने से कार्यकर्ता जोश से भर गये और नारे लगाने लगे। खास बात ये है कि चुनाव लड़ने के सवाल पर प्रधानमंत्री मोदी की संसदीय सीट से ही चुनाव लड़ने की बात प्रियंका ने क्यों कही। इसका मतलब ये तो नहीं कि कांग्रेस हाईकमान ऐसी किसी रणनीति पर विचार कर रहा है।
चाहे कुछ भी हो, प्रियंका ने भले ही हल्के फुल्के अंदाज में ऐसा बोला हो लेकिन राजनीति में हलचल बढ़ गई है। खासकर बीजेपी नेताओं ने सोचना शुरू कर दिया होगा कि अगर ऐसा होता है तो फिर उनकी अगली रणनीति क्या होेगी।
हालांकि प्रियंका गांधी के चुनाव लड़ने की संभावना बहुत कम है। दरअसल कांग्रेस प्रियंका गांधी को स्टार प्रचारक के तौर पर पूरे देश में घुमायेगी। वहीं पूर्वांचल का जिम्मा प्रियंका के पास है तो वहां भी हर जगह प्रियंका को जाना होगा। ऐसे में वो चुनाव लड़कर एक ही जगह सिमटकर नहीं रहना चाहेगी।