दिल्ली में कांग्रेस ने आम आदमी पार्टी के लिये गठबंधन का दरवाजा खोल दिया है। देखना होगा कि आम आदमी पार्टी इस दरवाजे से गठबंधन के लिये दाखिल होती है या नहीं। आम आदमी पार्टी की ओर से भी एक – दो दिन में इस पर फैसला हो जायेगा। दरअसल कांग्रेस ने गठबंधन के लिये आम आदमी पार्टी को फॉर्मूला दिया है।
बताया जा रहा है कि कांग्रेस दिल्ली की 7 सीटों को लेकर 4-3 के फॉर्मूले पर राजी हो गई है। कांग्रेस ने ये ‘आप’ को फॉर्मूला भेज दिया है। अब आप को यानि केजरीवाल को इस पर फैसला लेना है। कांग्रेस 7 मेें से 4 सीटों पर चुनाव लड़ना चाहती है। देखना होगा कि क्या केजरीवाल इस पर सहमत होते हैं या नहीं।
दिल्ली की तीन सीटों पर कांग्रेस के उम्मीदवार तकरीबन फाइनल….
वहीं कांग्रेस की ओर से तीन सीटों पर अपने उम्मीदवार तकरीबन फाईनल भी कर लिये गये हैं। पूर्वी दिल्ली से पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के पुत्र संदीप दीक्षित, नई दिल्ली से अजय माकन वहीं दक्षिणी दिल्ली से योगानंद शास्त्री को चुनाव लड़ाया जा सकता है।
दरअसल दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कई बार कहा कि कांग्रेस को गठबंधन पर विचार करना चाहिये। केजरीवाल के मुताबिक अगर कांग्रेस और ‘आप’ का गठबंधन होता है तो दिल्ली में सभी 7 सीटों पर बीजेपी को हराया जा सकता है। पिछले लोकसभा चुनाव में सभी सीटें बीजेपी के खाते में गई थी।
गठबंधन का फॉर्मूला सिर्फ दिल्ली के लिये ………
खबर ये है कि कांग्रेस की ओर से ये फॉर्मूला सिर्फ दिल्ली के लिये दिया गया है अभी हरियाणा या पंजाब का इसमें कोई जिक्र नही है। हालांकि केजरीवाल दिल्ली के साथ साथ हरियाणा और पंजाब में गठबंधन चाहते हैं। केजरीवाल हरियाणा में कांग्रेस , जेजेपी और ‘आप’ के गठबंधन के लिये कह चुके हैं वहीं पंजाब में कांग्रेस के साथ आप के गठबंधन के लिये जोर लगा रहे हैं।
देखना होगा कि अब कांग्रेस के फॉर्मूले पर केजरीवाल का क्या जवाब आता है। हालांकि इससे पहले आप नेता गोपाल राय कह चुके हैं कि अब गठबंधन का सवाल ही पैदा नहीं होता। वहीं दिल्ली में कई सीटों पर आम आदमी पार्टी अपने उम्मीदवारों का एलान कर चुकी है। अगर गठबंधन होता है तो फिर कुछ सीटों पर उन्हें अपने उम्मीदवारों के नाम वापस लेने होंगे।