लोकसभा चुनाव से ठीक पहले समस्त भारतीय पार्टी ने कांग्रेस में विलय कर लिया है। दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में ये विलय हुआ। इस मौके पर समस्त भारतीय पार्टी के संस्थापक सुदेश अग्रवाल और उनकी पत्नी नीलम अग्रवाल के अलावा हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष अशोक तंवर और हरियाणा कांग्रेस विधायक दल की नेता किरण चौधरी भी मौजूद रही।
समस्त भारतीय पार्टी ने पिछले लोकसभा चुनाव से पहले इनेलो से गठबंधन किया था। दरअसल समस्त भारतीय पार्टी का कुछ खास वोट बैंक नहीं है। समस्त भारतीय पार्टी के किसी भी नेता ने आज तक कोई चुनाव नहीं जीता है। इस पार्टी के संस्थापक सुदेश अग्रवाल का विदेशों में कारोबार है। इस पार्टी ने पहले अपने दम पर चुनाव लड़ा था लेकिन कुछ भी हासिल नहीं हुआ तो दूसरी पार्टियों के साथ समझौता करना ही ठीक समझा।
समस्त भारतीय पार्टी के कांग्रेस में विलय के बावजूद कांग्रेस को कोई फायदा नहीं होता दिख रहा। समस्त भारतीय पार्टी का थोड़ा बहुत वजूद सिर्फ हरियाणा के भिवानी में है। देखना होगा कि विलय के बाद क्या कांग्रेस सुदेश अग्रवाल या उनकी पत्नी को टिकट देती है या नहीं।