लोकसभा चुनाव को लेकर दलबदल का दौर शुरू है। इस कड़ी में उत्तर प्रदेश में बीजेपी को बड़ा झटका लगा है। बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्रनाथ पांडेय के भाई की बहू अमृता पांडेय ने प्रियंका गांधी की मौजूदगी में बुधवार को कांग्रेस ज्वाइन की।
अमृता महेंद्रनाथ पांडेय के भाई जितेंद्रनाथ पांडेय की पुत्रवधू हैं। अमृता पांडेय ने कहा कि प्रियंका गांधी से प्रभावित होकर उन्होंने कांग्रेस का दामन थामा है। कांग्रेस सभी को लेकर चलने वाली पार्टी है। अमृता ने कहा कि ‘महेंद्रनाथ पांडेय हमारे चाचा जी है। हमारे इस फैसले से उन्हें थोड़ी असहज स्थिति जरूर हुई होगी, लेकिन ये मेरा व्यक्तिगत फैसला है।’अमृता पांडेय ने कहा कि गांधी परिवार और कांग्रेस पार्टी से पुराना जुड़ाव रहा है। ऐसे में अब प्रियंका गांधी जब राजनीति में आ गई हैं तो हमने भी कांग्रेस में शामिल होने का फैसला किया है।
अमृता ने कहा कि आने वाला दौर नरेंद्र मोदी का नहीं बल्कि कांग्रेस का है। इसीलिए हमने कांग्रेस के साथ जाने का कदम उठाया है। दरअसल पिछले कुछ दिनों से ही चर्चा थी कि अमृता कांग्रेस में शामिल हो सकती हैं।
प्रियंका गांधी की गंगा यात्रा चल रही है और वो उन सीटों पर जा रही हैं जहां कांग्रेस को पिछेल चुनाव में कुछ हासिल नहीं हुआ। वहीं प्रियंका गांधी की गंगा यात्रा और मंदिर में पूजा को लेकर बीजेपी के नेता उन पर लगातार हमले भी कर रहे हैं कि प्रियंका को चुनाव के समय ही मंदिर की याद क्यों आई।