लोकसभा चुनाव से ठीक पहले जननायक जनता पार्टी को चुनाव चिन्ह मिल गया है। जननायक जनता पार्टी को चप्पल का निशान मिला है। दरअसल कुछ दिन पहले ही चुनाव आयोग की ओर से जननायक जनता पार्टी के रजिस्ट्रेशन का सर्टिफिकेट जारी किया गया था। दुष्यंत चौटाला ने सोशल मीडिया के माध्यम से जननायक जनता पार्टी को मिले निशान के बारे में जानकारी दी।
जननायक जनता पार्टी इससे पहले जींद के चुनाव में पार्टी कप प्लेट के निशान पर चुनाव लड़ी थी। उस वक्त तक जननायक जनता पार्टी का रजिस्ट्रेशन नहीं हुआ था और निर्दलीय के तौर पर दिग्विजय चौटाला को कप प्लेट का निशान मिला था। अब पार्टी को सभी 10 सीटों पर चप्पल का चुनाव निशान मिला है।
लोकसभा चुनाव के लिये जननायक जनता पार्टी अकेले अपने दम पर चुनाव लड़ेगी या फिर आम आदमी पार्टी के साथ गठबंधन होगा, ये सब अगले कुछ दिनों में ही पता चल जायेगा। कुछ दिन पहले हालांकि कहा गया था कि गठबंधन की संभावना खत्म हो गई है लेकिन अब एक बार फिर गठबंधन को लेकर दोनों पार्टियों के बीच बातचीत जारी है।
कुछ दिन पहले ही दिल्ली के मुख्यमंत्री ओर आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा था कि अगर कांग्रेस, जेजेपी और ‘आप’ मिल कर चुनाव लड़ेंगे तो बीजेपी को सभी हरियाणा की 10 सीटों पर हराया जा सकता है। जिसके बाद जेजेपी ने इस फार्मूले को मना कर कहा कि जेजेपी कांग्रेस के साथ कभी भी गठबंधन नहीं करेगी। हालांकि जेजेपी की ‘आप’ के साथ गठबंधन की संभावना अभी बाकी है।