कांग्रेस से दो बार सांसद रहे अरविंद शर्मा ने लोकसभा चुनाव से पहले बीजेपी ज्वाइन कर ली है। अरविंद शर्मा हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर की मौजूदगी में बीजेपी में शामिल हुये। अरविंद शर्मा करनाल से 2004 और 2009 में कांग्रेस की ओर से सांसद चुने गये थे। हालांकि इससे पहले 1996 में अरविंद शर्मा सोनीपत सीट से निर्दलीय के तौर पर सांसद चुने गये थे।
अरविदं शर्मा ने हालांकि कुछ समय पहले ही बीजेपी में जाने के संकेत दे दिये थे। अरविंद शर्मा की पिछले साल से ही बीजेपी नेताओं से बातचीत जारी थी। बीजेपी में शामिल होने के बाद अरविंद शर्मा करनाल लोकसभा सीट से बीजेपी की ओर से उम्मीदवार हो सकते हैं।
अरविंद शर्मा हालांकि पिछले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस छोड़कर बसपा में शामिल हो गये थे। बसपा ने अरविंद शर्मा को हरियाणा में मुख्यमंत्री के तौर पर प्रोजेक्ट किया था।
अरविंद शर्मा के बीजेपी में शामिल होने से बीजेपी को करनाला संसदीय क्षेत्र में फायदा हो सकता है। हरियाणा के मुख्यमंत्री करनाल विधानसभा से विधायक हैं। वहीं ये भी खबर है कि केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी भी करनाल सीट से लोकसभा का चुनाव लड़ने की इच्छुक है। देखना होगा कि अगर मेनका गांधी को करनाल से उम्मीदवार के तौर पर उतारा जाता है तो फिर अरविंद शर्मा को विधानसभा का चुनाव लड़वाया जायेगा।