अहमदाबाद में कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) की दो दिवसीय बैठक की मंगलवार को शुरूआत हुई। इस बैठक में लोकसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस का मंथन जारी है। कुछ समय पहले ही कांग्रेस में महासचिव बनी प्रियंका गांधी भी बैठक में शामिल हुई। बैठक के अलावा एक जनसभा भी हुई जहां हार्दिक पटेल कांग्रेस में शामिल हुये।
प्रियंका गांधी जनसभा में काफी जोश में नजर आईं। प्रियंका गांधी ने लोगों कोे संबोधित करते हुये कहा कि ‘आपका वोट आपका हथियार है, आप सही मुद्दे चुनें और सोच-समझकर फैसला लें।’ प्रियंका ने कहा कि ‘आज जो कुछ देश में हो रहा है, उससे दुख होता है। इससे बड़ी कोई देशभक्ति नहीं है कि आप जागरुक बनें, आपकी जागरुकता एक हथियार है, आपका वोट एक हथियार है। ये ऐसा हथियार है, जिससे किसी को चोट, दुख और नुकसान नहीं पहुंचाना है। ये ऐसा हथियार है जो आपको मजबूत बनाएगा। ये चुनाव क्या है, आप क्या चुनने जा रहे हैं। आप अपना भविष्य चुनने जा रहे हैं।’ प्रियंका ने कहा कि फिजूल के मुद्दे नहीं उठने चाहिए, मुद्दा वो होना चाहिए जो आपको आगे बढ़ाए।
दरअसल लोकसभा चुनाव की घोषणा के तुरंत बाद कांग्रेस की वर्किंग कमेटी की बैठक हो रही है। बैठक में रणनीति पर विचार हो रहा है कि चुनाव कैसे लड़ा जाये। कुछ समय पहले तक देश में महागठबंधन की बात चल रही थी लेकिन महागठबंधन सिरे नहीं चढ़ पाया। मायावती ने दो टूक कह दिया है कि बसपा यूपी में तो क्या किसी भी राज्य में कांग्रेस के साथ गठबंधन नहीं करेगी। हालांकि कांग्रेस ने यूपी में सपा और बसपा के साथ गठबंधन करने की पूरी कोशिश की थी लेकिन सपा और बसपा ने ज्यादा सीटें देने से मना कर दिया। वहीं दिल्ली में कांग्रेस ने आम आदमी पार्टी से गठबंधन को मना कर दिया।
महागठबंधन ना होने के बाद कांग्रेस के लिये लोकसभा चुनाव में राहें आसान नहीं हैं। कांग्रेस इसी को लेकर अहमदाबाद में मंथन कर रही है कि अकेले कैसे पार पाया जायेगा। वहीं पाटीदार आरक्षण आंदोलन से सुर्खियों में आए हार्दिक पटेल के कांग्रेस में शामिल होने से गुजरात में कांग्रेस को थोड़ा फायदा जरूर हो सकता है।