लोकसभा चुनाव 2019 के लिये उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी करने में कांग्रेस ने बाजी मार ली है। कांग्रेस ने लोकसभा के लिये 15 उम्मीदवारों की लिस्ट जारी कर दी है। कांग्रेस की पहली लिस्ट में ही राहुल गांधी और सोनिया गांधी के नाम का भी एलान कर दिया गया है। राहुल गांधी यूपी के अमेठी से तो सोनिया गांधी रायबरेली से चुनाव लड़ेंगी। हालांकि ऐसा लग रहा था कि शायद इस बार सोनिया गांधी की जगह प्रियंका गांधी मैदान में उतरेंगी। कांग्रेस की पहली लिस्ट में दो ही राज्यों यानी गुजरात और उतरप्रदेश के लिये कुछ उम्मीदवारों का एलान किया गया है।
कांग्रेस की पहली लिस्ट में 4 उम्मीदवार गुजरात के लिये तो 11 उम्मीदवारों के नाम उतरप्रदेश के लिये जारी किये गये हैं। इसमें राहुल गांधी और सोनिया गांधी के अलावा आर पी एन सिंह उतरप्रदेश की खुशीनगर सीट से चुनाव लड़ेंगे। वहीं सलमान खुर्शीद फर्ऱूखाबाद से चुनावी मैदान में उतरेंगे।
उतरप्रदेश में खबर ये भी है कि कांग्रेस, सपा , रालौद और बसपा के साथ महागठबंधन में शामिल हो सकती है लेकिन उससे पहले ही कांग्रेस ने उतरप्रदेश के लिये 11 उम्मीदवारों की लिस्ट जारी कर सभी को चकमा दे दिया है। कांग्रेस का लिस्ट जारी करने का मतलब ये है कि कांग्रेस को अगर मनचाही सीटें महागठबंधन से नही मिलती हैं तो फिर कांग्रेस अपने दम पर भी यूपी में चुनाव लड़ सकती है। इस बात के संकेत कांग्रेस ने लिस्ट जारी कर दे दिये हैं।
वहीं प्रियंका गांधी का नाम लिस्ट में ना आने की वजह ये भी मानी जा रही है कि प्रियंका चुनाव ना लड़ कर सभी सीटों पर प्रचार करेंगी। हालांकि खबर ये भी है कि कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता प्रियंका को प्रयागराज और वाराणसी से चुनाव लड़वाने की सिफारिश कर रहे हैं। खैर चुनावों की घोषणा होने से पहले ही 15 उम्मीदवारों की लिस्ट जारी कर सभी पार्टियों को सकते में डाल दिया है। वहीं इससे पहले लोकसभा चुनाव के लिये लिस्ट जारी करने की बात है तो आदमी पार्टी ने पंजाब में पांच उम्मीदवारों का एलान किया हुआ है।