हरियाणा में दुष्यंत चौटाला की पार्टी और आम आदमी पार्टी के बीच गठबंधन ना होने के बाद आम आदमी पार्टी के हरियाणा के अध्यक्ष नवीन जयहिंद मीडिया के सामने आये। नवीन जयहिंद ने कहा कि जेजेपी से मान सम्मान के हिसाब से सीटें ना मिलने के कारण गठबंधन नहीं हो पाया है। हालांकि नवीन जयहिंद के हिसाब से अभी भी गठबंधन के रास्ते खुले हैं। जयहिंद ने कहा कि बीजेपी को हराना जरूरी है। बीजेपी अगर हरियाणा में दोबारा आ गई तो नाश हो जायेगा।
नवीन जयहिंद से जब कांग्रेस के साथ गठबंधन के बारे में पूछा गया तो उन्होनें कहा कि ये दिल्ली में बैठे हाईकमान के लोगों के हाथ में है। हालांकि जयहिंद ने कहा कि बीजेपी को हराने के लिये किसी भी अच्छी पार्टी के साथ गठबंधन हो सकता है। दरअसल दिल्ली में आम आदमी पार्टी और कांग्रेस का गठबंधन नहीं हो पाया। आम आदमी पार्टी और कांग्रेस का गठबंधन ना सिर्फ दिल्ली में बल्कि पंजाब और हरियाणा में भी हो सकता था लेकिन राहुल गांधी ने गठबंधन करने से मना कर दिया।
आम आदमी पार्टी पंजाब में अकाली दल से अलग हुई अकाली दल टकसाली पार्टी से गठबंधन करने जा रही है। वहीं पंजाब में आम आदमी पार्टी की बसपा के साथ भी बातचीत चल रही है। वहीं हरियाणा में ‘आप’ और जेजेपी का गठबंधन की पूरी संभावना थी लेकिन सीटों के बटवारे को लेकर बात नहीं बन पाई। ‘आप’ जहां आधी सीटें मांग रही है वहीं जेजेपी आधी सीटें देने के हक में नहीं है। अगर पंजाब में ‘आप’ और बसपा इकट्ठे होते हैं तो फिर हरियाणा में ‘आप’, बसपा और लोसपा के गठबंधन में शामिल हो सकती है।
दरअसल कुछ दिन पहले ही नवीन जयहिंद ने ट्वीट कर कहा था कि जेजेपी के साथ गठबंधन की संभावना समाप्त। नवीन ने कहा था कि आगामी लोकसभा और विधानसभा पार्टी अपने दम पर चुनाव लड़ेगी।