पंचकूला में एक महिला भाजपा नेता के बेटे को लड़की का पीछा करने और अगवा करने की कोशिश के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया है। दरअसल पंचकूला के सेक्टर 5 के महिला थाने में एक छात्रा ने शिकायत में कहा कि 23 फरवरी को जब वो अपनी रिश्तेदार को मिलने उनके घर जा रही थी तभी आरोपी विशांत चौधरी ने उसका पीछा किया। पीड़िता ने कहा कि आरोपी ने ना सिर्फ उसका पीछा किया बल्कि उसकी कार को टक्कर मारकर रिवाल्वर की नोक पर उसका अपहरण करने की भी कोशिश की। फिलहाल पंचकूला पुलिस ने युवती की शिकायत के आधार पर आरोपी विशांत चौधरी को गिरफ्तार कर लिया है।
पीड़ित लड़की के मुताबिक पंचकूला के सेक्टर 15 से आरोपी विशांत ने उसका पीछा करना शुरू किया और कलाग्राम लाइट प्वाइंट पर पहुंचने के बाद उसने रिवाल्वर की नोक पर पीड़िता का अपहरण करने की कोशिश की। लड़की ने शुरुआत में चंडीगढ़ पुलिस के कंट्रोल रूम नंबर को कॉल करके सूचित किया वहीं बाद में मामला पंचकूला पुलिस को सौंप दिया गया। पंचकूला पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान लड़की के आरोप सही पाए गए हैं कि आरोपी ने पीड़िता का पीछा किया था। हालांकि आरोपी ने ये मानने से इनकार किया है कि उसने पीड़िता को धमकाने के लिए पिस्तौल का इस्तेमाल किया था।
बताया जा रहा है कि लड़का और लड़की दोनों बरवाला के एक कॉलेज में पड़ते थे। लड़की के मुताबिक आपोपी पिछले तीन महीने से उसे परेशान कर रहा था और जबरन संबंध बनाने की कोशिश की जा रही थी। पीड़िता ने कहा कि वो उसे धमकियों भरी ईमेल्स कर चुका है। उसे वॉट्सएप पर गलत मैसेज और बार-बार कॉल भी करता था।
पीड़िता की ओर से शिकायत मिलने के बाद आरोपी को पंचकूला के सेक्टर 5 के महिला थाने में पूछताछ के लिए बुलाया गया। पूछताछ में जब आरोप सही पाये गये कि विशांत ने पीड़िता का पीछा किया थी तो उसे गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी को इतवार को कोर्ट में पेश किया गया उसके बाद उसे पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस पुलिस ने आरोपी की कार भी बरामद कर ली है। पुलिस पीड़िता के बयान के मुताबिक जांच में जुटी है।
विशांत चौधरी भाजपा सचिव अनीता चौधरी का बेटा है और चंडीगढ़ में रहता है। इससे पहले चंडीगढ़ में ही बहुचर्चित वर्णिका कुंडू छेड़छाड़ मामले में भी हरियाणा के भाजपा नेता के बेटे पर आरोप लगे थे। वो मामला भी सुर्खियों में रहा था।