जननायक जनता पार्टी के संगठन में विस्तार……..
हरियाणा में इनेलो से अलग हुई पार्टी जननायक जनता पार्टी के संगठन में विस्तार के तहत पांच नए प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों की नियुक्ति की गई है। पार्टी में मंहत सतीश दास को आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक प्रकोष्ठ का प्रदेश प्रभारी बनाया गया है। मंहत सतीश इनेलो की टिकट पर महम विधानसभा से 2014 में चुनाव लड़ चुके हैं। वहीं स्वामी जसमेर को आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक प्रकोष्ठ का प्रदेशाध्यक्ष बनाया गया है। सोनीपत के रहने वाले महामंडलेश्वर स्वामी जसमेर भाजपा के गुजरात के सहप्रभारी थे और पिछले दिनों ही जननायक जनता पार्टी को ज्वाइन किया था।
जननायक जनता पार्टी में जगरूप सिंह गगसिना को पंचायती राज प्रकोष्ठ के प्रदेश प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं प्रदीप गिल को पंचायती राज प्रकोष्ठ का प्रदेशाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। प्रदीप गिल इससे पहले इनेलो के युवा प्रदेशाध्यक्ष और प्रदेश प्रभारी पद पर काम कर चुके हैं। इसके अलावा मोहसिन खान चौधरी को अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ का प्रदेश प्रभारी बनाया गया है। हरफूल खान भट्टी को अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ का प्रदेशाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। भट्टी इससे पहले भी इनेलो के अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के प्रदेशाध्यक्ष थे और पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला के करीबी रहे हैं।
दुष्यंत चौटाला की नई पार्टी लगातार विस्तार में जुटी है। दरअसल लोकसभा चुनाव में बहुत ही कम समय बचा है। मार्च के महीने में कभी भी लोकसभा चुनावों की घोषणा हो सकती है ऐसे में उससे पहले ही संगठन में ज्यादा से ज्यादा नियुक्तियां करने की कोशिश की जा रही है।