हरियाणा और पंजाब में पूर्व मुख्यमंत्रियों को लेकर स्थिति एक जैसी बनी हुई है। दरअसल हरियाणा में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर भ्रष्टाचार को लेकर मामला चल रहा है जिसको लेकर मौजूदा सरकार के मंत्रियों और मुख्यमंत्री ने कई बार बोला है कि जेल जाने की अब उनकी बारी है। इसको लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने शुक्रवार को विधानसभा में बोला कि सीएम बार-बार जेल भेजने की बात करते हैं, बताएं कौन सी जेल में चलें। हुड्डा ने कहा कि मुख्यमंत्री बयान दे रहे हैं कि एक पूर्व सीएम तो जेल में गया दूसरा भी जाएगा। खुद ही शिकायकर्ता और वकील बनते हैं। खुद ही जज बन फैसला सुनाते हैं। मैं चलता हूं, कौनसी जेल में ले जाएंगे। इंक्वारी करा ली और करा लो। हुड्डा ने ये कहा तो इस पर वितमंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने पलटवार किया। कहा- जांच एजेंसियों पर भरोसा होना चाहिए। आप सहयोग करें। जांच के बाद फैसला हो जाएगा के आप अंदर जाएंगे या कहां रहेंगे।
वहीं पंजाब में भी कुछ ऐसा ही हाल है। बहबलकलां गोलीकांड को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल पर आरोप लगते हैं। इस पर अब पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल का कहना है कि ‘कैप्टन अमरिंदर सिंह शुरू से कहते आ रहे हैं कि वो उन्हें जेल में बंद करेंगे। मैं गिरफ्तारी देने को तैयार हूं। मैंने पहले भी कई बार जेल काटी है। अब फिर मैं जेल काटने के लिए तैयार हूं और अपनी कपड़ों की गठड़ी साथ लाया हूं। मैंने डीजीपी को फोन करके कह दिया है कि मुझे कभी भी कहीं भी गिरफ्तार कर सकते हैं। वो जहां कहेंगे, मैं वहां गिरफ्तारी देने पहुंच जाऊंगा।’
पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री बादल ने कहा कि मुझे गिरफ्तार करने की साजिशें रची जा रही हैं। डीजीपी भी सरकार के कहने पर ही हर काम करते हैं। उन्होंने कहा कि गोलीकांड की जांच से पहले ही कैप्टन, जाखड़ उन्हें दोषी करार दे चुके हैं। बादल ने कहा कि ऐसे बयानों के बाद ये जांच कितनी निष्पक्ष हो सकती है।
दरअसल हरियाणा और पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्रियों यानि भूपेंद्र सिंह हुड्डा और प्रकाश सिंह बादल पर जांच चल रही है। प्रकाश सिंह बादल पर बहबलकलां गोलीकांड को लेकर जांच चल रही है कि गोली चलाने के आदेश उन्होनें दिये थे वहीं हुड्डा पर भ्रष्टाचार के कई मामलों को लेकर कोर्ट में केस चल रहा है।