हरियाणा के नये डीजीपी मनोज यादव ने आज पंचकूला स्थित हरियाणा पुलिस मुख्यालय में कार्यभार संभाल लिया। कार्यभार संभालने के बाद मनोज यादव ने कहा कि उनका प्रयास रहेगा कि लोकसभा चुनाव निष्पक्ष और बिना डर भय के हो। यादव ने कहा कि ’16 साल पहले वो डेपूटेशन पर इंटेलिजेंस में गये थे और आज वापिस लौटे हैं। उन्हें वापिस लौटने की बहुत खुशी हो रही है।’
मनोज यादव ने कहा कि ‘हरियाणा के लोग कर्मठ है और कर्म में विश्वास रखते थे और हरियाणा पुलिस की कार्यशैली भी कुछ इसी तरह की है। हरियाणा मेरा घर है। मैं कभी इससे अन टच नही रहा। मुझे खुशी है कि जहां से मैं 16 साल पहले डेपुटेशन पर गया था वही अब नियुक्ति की गई है। मुझे हरियाणा पुलिस पर गर्व है और वापिस आकर बेहद खुशी है। लोक सभा चुनाव सर पर हैं हमारा प्रयास रहेगा कि चुनाव निष्पक्ष हों और हरियाणा पुलिस इस पर बेहतर काम करे। कानून व्यवस्था को बनाए रखना , बेहतर और पुख्ता जांच , कमज़ोर वर्ग का उभार हमारी प्राथमिकता रहेगी। मैं हरियाणा सरकार का आभारी हूं जिन्होंने मुझे इस काबिल समझा। जब हमने नौकरी जॉइन की तो यहां पंजाब के आतंकवाद का साया था। बलिदान भी दिये। उस समय हमारे 4 पुलिस कर्मी शहीद हुए। मेरा प्रयास रहेगा की जन सेवा और जन कल्याण में योगदान दें। नागरिकों को साथ रखकर काम करे। कमजोर तबके के लोंगो और महिलाओं के प्रति बढ़ रहे अपराधों पर प्रभावी ढंग से काम करें।’
मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में रहने वाले यादव की गिनती मिलनसार और स्टेट फारवर्ड अफसरों में होती है। उन्होंने DGP पद की दौड़ में शामिल नौ सीनियर IPS अधिकारियों को पछाड़ते हुए नया मुकाम हासिल किया है। मनोज यादव हाल फिलहाल केंद्रीय गृह मंत्रालय (एमएचए) में इंटेलीजेंस ब्यूरो के ज्वाइंट डायरेक्टर पद पर कार्यरत थे। यादव साल 2003 में डेपुटेशन पर इस विभाग में दिल्ली चले गए थे।
मौजूदा DGP बीएस संधू का कार्यकाल 31 जनवरी को पूरा होने से DGP का पद खाली चल रहा था, लेकिन DGP के नाम पर विवाद के चलते राज्य सरकार ने नई नियुक्ति होने तक डॉ. केपी सिंह को कार्यवाहक DGP का दायित्व सौंप रखा था। मनोज यादव 1988 बैच के IPS अधिकारी हैं तथा उनकी रिटायरमेंट 31 जुलाई 2025 को है। इससे पहले उन्होनें चंडीगढ़ में एसपी ट्रैफिक और एसपी सुरक्षा के पद पर रहने के बाद हरियाणा के कई जिलों में एसपी के पद पर भी कार्य किया है।
Report By- Umang Sheoran