गुरूवार को हुई बरसात और ओलों से हरियाणा के कई जिलों में फसल को नुक्सान पहुंचा है। कुरुक्षेत्र, यमुनानगर, जींद, अम्बाला, पंचकूला, करनाल और पानीपत में बारिश के साथ – साथ ओले गिरने से गेहूं और सरसों की फसल को भारी नुक्सान हुआ है। फरवरी के महीने में हुई तेज बारिश और ओले पड़ने से किसान मायूस है। वहीं फसलों को हुये नुक्सान को देखते हुये सरकार ने संज्ञान लिया है।
हरियाणा के कैबिनेट मंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने अधिकारियों को तेज़ बरसात और ओलावृष्टी से हुए नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट तैयार करने के आदेश दिए हैं, ताकि जिनका भी नुकसान हुआ है उन्हें सरकार की ओर से राहत दी जा सके। कैप्टन अभिमन्यु ने कहा की वीरवार को हरियाणा के कई इलाकों में भारी बारिश और ओलावृष्टी हुई जिसकी वजह से राज्य में फसलों को नुकसान की जानकारी विभिन्न माध्यमों से उन्हें मिली है। इस सम्बन्ध में उन्होंने तुरंत राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग को निर्देश जारी कर दिए हैं कि बारिश या ओलों से हुए नुकसान की पूरी रिपोर्ट बनाकर भेजी जाए। रिपोर्ट मिलने के बाद प्रभावित क्षेत्रों में विशेष गिरदावरी करवाई जाएगी ताकि जिन किसानों की फसलें ख़राब हुई हैं उन्हें राहत प्रदान की जा सके।
हरियाणा के अलावा पंजाब में भी कई जगह ओलों से फसल को नुक्सान हुआ है। पंजाब की सरकार ने भी गिरदावरी करा किसानों को मुआवजा देने की बात कही है। वहीं मौसम विभाग के मुताबिक अभी आने वाले दिनों और बरसात होने की संभावना है।