जम्मू कश्मीर और हिमाचल में जहां लगातार बर्फबारी हो रही है वहीं मैदानी इलाकों में कल से रूक-रूक कर बरसात जारी है। वहीं पंजाब और हरियाणा में तो कई जगह बरसात के साथ ओले भी गिरे हैं। बताया जा रहा है कि इस बारिश से ठंड तो बढ़ेगी ही, साथ में कोहरा भी परेशान करेगा। उत्तरी पाकिस्तान और उससे सटे भारतीय इलाकों में वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव होने से देश के कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक माैसम बिगड़ा रहेगा। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक इससे शुक्रवार के बाद दिल्ली में घना कोहरा पड़ने और तापमान में गिरावट होने की संभावना है।
एनसीआर के कई इलाकों में वीरवार सुबह कुछ देर हुई झमाझम बारिश से एक बार फिर मौसम का मिजाज बदल गया है। कई इलाकों में तो बारिश के साथ ओले भी गिरे हैं। वहीं, सुबह से ही ठंडी हवायें चल रही हैं। पंजाब और हरियाणा के कई इलाकों में सुबह-सुबह बरसात होने से स्कूल जाने वाले बच्चों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। हिमाचल के कई इलाकों में बर्फबारी जारी है जिसका असर साथ लगते मैदानी इलाकों में साफ तौर पर देखा जा सकता है। शिमला में तापमान में 5 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। वहीं चंडीगढ़ में भी बरसात, ओलों के साथ ठंडी हवायें चल रही हैं। किसानों के लिये ओले मुसीबत बन सकते हैं। हालांकि थोड़ी बरसात तो फसलों के लिये फायदेमंद है लेकिन ज्यादा या ओले पड़ने से फसलों को नुक्सान हो सकता है।