जींद उपचुनाव में दूसरे नंबर पर रहने वाले जेजेपी के उम्मीदवार दिग्विजय चौटाला सोमवार को जींद पहुंचे। दिग्विजय चौटाला ने लोगों के बीच पहुंचकर कहा कि यहां से जीत हासिल करने वाला विधायक दिल्ली गया है और मैं जींद आया हूं। दिग्विजय ने सभी दूसरी पार्टियों पर निशाना साधा और कहा कि ये चुनाव भाजपा,सुरजेवाला, आसरी और अन्य ने मिलकर लड़ा था। दिग्विजय ने कहा कि हम हार कर भी जीत गये। दिग्विजय ने लोगों में जोश भरते हुये कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव के लिए तैयार हो जाओ।
दिग्विजय चौटाला ने कहा कि ये चुनाव हमारे लियेंं संजीवनी है। पचास दिन पुरानी पार्टी ने लोगों का दिल जीत लिया। दिग्विजय चौटाला ने इनेलो नेता और अपने चाचा अभय चौटाला पर भी निशाना साधा और कहा कि जो विरोधी हमारी जमानत जब्त की बात करते थे उनके एजेंटो की ओर से वोट ना देना इस बात को दर्शाता है की षडयंत्र चरम पर था। दिग्विजय ने कहा कि लोग भाजपा का विकल्प जेजेपी को मानते हैं।
दरअसल जेजेपी पार्टी की शुरूआत जींद से ही हुई थी। पहले जनसभा हुई फिर रैली हुई और नई पार्टी का एलान किया। जींद की रैली में अच्छी खासी भीड़ के बाद जींद के उपचुनाव में दूसरे नंबर पर पार्टी रही। दुष्यंत चौटाला और दिग्विजय चौटाला ने जींद से अपनी नई पार्टी के अभियान की शुरूआत की थी और उनकी कोशिश रहेगी की यहां से जो वोट हासिल हुआ है उन लोगो का जोश बनाकर रखा जाये क्योंकि कुछ समय बाद ही लोकसभा के चुनाव हैं।